सामजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीएसपी सुप्रीमो मायावती का आभार जताया है। दरअसल, लखनऊ गेस्ट हाउस कांड में मुलायम सिंह यादव पर केस दर्ज किया गया था। अब इस केस को मायावती ने वापस ले लिया है। इस पर मुलायम सिंह यादव के पुत्र और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आभार जताया है।
अखिलेश यादव ने मायावती का आभार जताते हुए कहा, हमारे बीच कोई खटास नहीं है। ये एक स्वागत योग्य फैसला है। गौरतलब है कि सपा-बसपा गठबंधन के बाद लोकसभा चुनाव की साझा चुनावी रैलियों को दौरान अखिलेश यादव ने बसपा नेतृत्व से गेस्ट हाउस कांड में मुलायम सिंह के खिलाफ दर्ज कराया गया मुकदमा वापस लेने का आग्रह किया था।
अखिलेश ने शुक्रवार को सपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अर्थव्यवस्था को नोटबंदी से जोड़ते हुए केंद्र सरकार को घेरा। अखिलेश ने कहा कि नोटबंदी से व्यापार बर्बाद हो गए हैं, युवाओं की नौकरियां चली गई हैं, कहा तो ये गया था कि आतंकवाद और नक्सलवाद खत्म हो जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। सरकार लगातार लोगों का ध्यान बंटाने का काम कर रही है।
अखिलेश ने कहा, लोगों के दुख और तकलीफें देखकर हम कह सकते हैं कि वो इस सरकार से छुटकारा पाना चाहते हैं। यूपी में 2022 में सपा की सरकार बनेगी। अखिलेश यादव ने कहा, लोग परेशान हैं उनके पास काम नहीं है और जानवर किसानों की फसलें बर्बाद कर रहे हैं।
नोटबंदी ने बैंकिंग सिस्टम को बर्बाद कर दिया है। सरकार को युवाओं को रोजगार देने पर ध्यान लगाना चाहिए। पूर्व सीएम अखिलेश सिंह यादव ने सपा कार्यालय में नोटबंदी के दौरान पैदा हुए बच्चे खजांची का केक काटकर जन्मदिन मनाया और उसे शुभकामनाएं दी।
यादव ने यूपीपीसीएल में हुए पीएफ घोटाले पर कहा, सरकार को बताना चाहिए कि कर्मचारियों का पैसा कब- कब निवेश किया गया। सरकार बताए कि वो किसको बचाने का प्रयास कर रही है। अखिलेश ने कहा कि ऊर्जा मंत्री को हटाया जाना चाहिए, लेकिन वो तो अब तक अपनी कुर्सी पर बैठे हुए हैं। यूपी में इस समय सबसे भ्रष्ट सरकार है, हर जगह भ्रष्टाचार हो रहा है।
कानून व्यवस्था लगातार खराब होती जा रही है पर कोई बोलने वाला नहीं है। गौरतलब है कि इसी मौके पर बसपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री कमलकांत गौतम अपने समर्थकों के साथ सपा में शामिल हुए है्ं। गौतम ने अपनी ‘बहुजन उत्थान पार्टी’ का सपा में विलय कर दिया है। उन्होंने अखिलेश को 2022 में प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का वादा किया।