रांची: झारखंड से बीजेपी की रघुवर दास सरकार के जाने के बाद आज से हेमंत सोरेन सरकार की शुरुआत हो गई है। जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी के गठबंधन के जीतने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने उन्हें शपथ दिलाई।
बता दें कि हेमंत सोरेन का शपथ ग्रहण समारोह मोरहाबादी मैदान में रविवार दोपहर 2 बजे हुआ। इस दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव मौजूद रहे।
हमेंत सोरेन के साथ ही 3 मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की। उनके साथ लोहरदगा से कांंग्रेस के विधायक रामेश्वर उरांव, पाकुड़ से कांग्रेस के विधायक आलमगीर आलम और चतरा से आरजेडी विधायक सत्यानंद भोक्ता ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता #हेमन्त_सोरेन ने रांची में झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता राज्य में कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के साथ गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। pic.twitter.com/rNz7qqWQYI
— आकाशवाणी समाचार (@AIRNewsHindi) December 29, 2019
गौरतलब है कि झारखंड चुनाव में जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी के गठबंधन ने राज्य की 81 विधासभा सीटों में से 47 सीटों जीत हासिल की है। इसमें जेएमएम को सर्वाधिक 30, कांग्रेस को 16 और आरजेडी को 1 सीट मिली है। वहीं, इस बार बीजेपी को 25 सीटें ही मिल पाई। वहीं, जेवीएम को 3, एनसीपी और सीपीआई एमएल को एक-एक सीट मिली। इन तीनों दलों ने भी बाद में गठबंधन को समर्थन दे दिया।