नई दिल्ली: कोरोना महामारी के चलते देश में लॉकडाउन 5.0 लागू है। हालांकि, इस लॉकडाउन में काफी रियायतें दी गई हैं। इस रियारतों में धार्मिक स्थलों को भी खोलने की इजाजत दे दी गई है। इसके साथ ही अब उत्तराखंड सरकार चारधाम यात्रा को शुरू करने में जुट गई है।
बता दें कि 8 जून के बाद सरकार सीमित संख्या में चारधाम यात्रा को शुरू करने जा रही है। हालांकि, शुरुआती चरण में केवल राज्य के लोगों को ही यात्रा शुरू करने की अनुमति होगी। वहीं, दूसरे दौर में ही अन्य राज्यों के लोगों को राज्य की सरकारों से बात करके ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, दूसरे राज्यों की सहमति के बाद ही बसों के संचालन का फैसला लिया जाएगा, इसके साथ ही अन्य राज्यों के लोगों को यात्रा के लिए अनुमति दी जाएगी। दरअसल, कोरोना महामारी की वजह से गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ की यात्रा बंद है।