हैदराबाद और उन्नाव रेप में हुई रेप की घटनाओं से पूरा देश दहल उठा, चारों ओर आक्रोश देखा गया। जहां देश की आम महिलाओं में उनकी सुरक्षा की चिंता है, वहीं कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी आपराधिक घटनाओं से चिंतित हैं। उन्होंने इस साल अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय लिया है।
बता दें कि सोनिया गांधी सोमवार 9 दिसंबर को 73 साल की हो रही हैं। इस बार वह अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगीं। दरअसल, देशभर के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं के साथ होने वाले दुष्कर्म की घटनाओं और महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने यह फैसला लिया है।
जानकारी के मुताबिक, देश के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं पर होने वाले अत्याचार और दुष्कर्म की घटनाओं से वह दुखी हैं। इसी वजह से उन्होंने अपना जन्मदिन न मनाने का फैसला लिया है।
उल्लेखनीय है कि बीते गुरूवार को उन्नाव की दुष्कर्म पीड़िता को जिंदा जला दिया था, जिसके बाद वह दिल्ली के अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गई।
वहीं हैदराबाद में महिला पशु चिकित्सक के साथ चार लोगों ने दरिंदगी के बाद उसकी हत्या कर दी और शव को आग के हवाले कर दिया। देशभर से महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों की खबर से लोगों में आक्रोश है।