देश की संसद में सोमवार को कांग्रेस ने महाराष्ट्र की राजनीतिक घटनाओं को लेकर केन्द्र सरकार को घेरना चाहा। इस दौरान दो कांग्रेसी विधायक हिबी एडेन और प्रतापन की मार्शलों के साथ झड़प हुई।
मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पीकर ओम बिरला ने दोनों सांसदों को सस्पेंड कर दिया। कांग्रेस सांसदों के हंगामे से संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित हुई। हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे और राज्यसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित की गई। हालांकि, 12 बजे लोकसभा की कार्यवाही वापस शुरू हुई, लेकिन उसे दोबारा 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
गौरतलब है कि लोकसभा में प्रश्नकाल की शुरूआत में कांग्रेस के सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, कांग्रेस के सदस्य लगातार ‘संविधान की हत्या बंद करो… बंद करो’ के नारे लगा रहे थे। इसी बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राहुल गांधी को प्रश्न पूछने के लिए आमंत्रित किया।
स्पीकर के आमंत्रण पर राहुल गांधी ने सदन में महाराष्ट्र का मुद्दा उठाते हुए कहा, ‘मैं आज यहां सवाल पूछने आया था। लेकिन सवाल पूछने का कोई मतलब नहीं है क्योंकि महाराष्ट्र में लोकतंत्र की हत्या हुई है। इसलिए मेरे सवाल पूछने का कोई मतलब नहीं है।’
Lok Sabha Speaker Om Birla (file pic) on clash between Congress MPs & Marshals during protest against Maharashtra issue: This is the first time that I’ve adjourned House following uproar. I’ve always wanted that House should run & debate be held. But such acts can’t be tolerated. pic.twitter.com/7D38UQooQ2
— ANI (@ANI) November 25, 2019
राहुल गांधी के इस वक्तव्य ने कांग्रेस के सांसदों को विरोध के लिए हवा दे दी। कुछ सदस्य वेल में बैनर लेकर घुस गए और आसन के सामने बैनर लहराने लगे। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने बार-बार कांग्रेस सांसदों को बैनर नीचे करने की चेतावनी दी। लेकिन वह नहीं माने।
लोकसभा अध्यक्ष की चेतावनी के बावजूद कांग्रेस सांसदों ने हंगामा शांत नहीं किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अंतिम बार चेतावनी देते हुए कहा, अपने पैंफ्लेट नीचे कर लें। लोकिन कांग्रेसी सांसद इस पर भी नहीं मानें, तो स्पीकर ने कांग्रेस सांसदों का नाम लेते हुए कहा कि हिबी एडेन और प्रतापन अपने बैनर को नीचे कर दें।
कांग्रेस सांसदों का हंगामा थमते नहीं रुकने पर लोकसभा अध्यक्ष ने सांसदों को बाहर निकालने का आदेश दिया, उन्होंने कहा इनको सदन से बाहर निकाला जाए। इसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सदन स्थगित हो जाने के बाद कांग्रेस सांसदों ने संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के नीचे विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच केरल से कांग्रेस सांसद ज्योति मणि और राम्या हरिदास ने आरोप लगाया कि उनके साथ संसद भवन में धक्कामुक्की की गई है। केरल से कांग्रेस सांसद हिबी एडेन ने कहा,’सुरक्षाकर्मियों ने हमारा बैनर छीन लिया ये अलोकतांत्रिक है।
मार्शलों ने हमारे साथ धक्कामुक्की की है। महिला सांसदों से धक्कामुक्की हुई है, हमने इसके खिलाफ स्पीकर को लिखित शिकायत दी है’ कांग्रेस के सांसदों ने संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने महाराष्ट्र मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किया।