Draupadi Murmu NDA President Candidate : राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार का नाम घोषित करने के लिए बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए गठबंधन के उम्मीदवार के नाम पर मंथन के लिए मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में भाजपा की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था, संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। इस बैठक के बाद जेपी नड्डा ने ऐलान किया कि झारखंड की पूर्व गवर्नर द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार होंगी।
नड्डा ने बताया कि संसदीय बोर्ड की बैठक में करीब 20 नामों पर चर्चा की गई और आदिवासी महिला नेता मुर्मू पर मुहर लगा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत सहित संसदीय बोर्ड के कई सदस्य बैठक में मौजूद रहे।
अगर द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) राष्ट्रपति चुनी जाती हैं तो ये भारतीय इतिहस होगा कि पहली बार कोई आदिवासी राष्ट्रपति होंगी। अगर वे ये चुनाव जीत जाती हैं तो प्रतिभा पाटिल के बाद देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी। द्रौपदी मुर्मू झारखंड की पहली महिला गवर्नर थीं, वे ओडिशा की पहली महिला और आदिवासी नेता भी रही हैं।
संघर्षमय रहा जीवन
द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) का जीवन बेहद संघर्षमय रहा है और उन्होंने सार्वजनिक जीवन में बड़ा योगदान भी दिया है। वो एक बेहद गरीब आदिवासी परिवार में पैदा हुईं और उनके अंदर समाज के उत्थान के लिए काम करने की ललक थी। उन्होंने रैरंगपुर के श्री अरबिंदो इंटीग्रल एजुकेशन सेंटर में बिना वेतन के अध्यापन कार्य भी किया।
उन्होंने अपना राजनीतिक करियर रैरंगपुर एनएसी के वाइस चेयरमैन के तौर पर शुरू किया था। उन्हें ओडिशा विधानसभा की तरफ से वर्ष 2007 में सर्वश्रेष्ठ विधायक के तौर पर नीलकंठ अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है। उन्होंने ओडिशा सरकार में ट्रांसपोर्ट, वाणिज्य, मछलीपालन, पशुपालन जैसे कई अहम विभाग भी संभाले।