WEATHER UPDATE: देश के उत्तरी हिस्सों में एक बार फिर भीषण गर्मी और लू का प्रकोप देखने को मिलेगा। खासकर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में गर्मी के तेवर शुक्रवार से और तीखे हो रहे हैं। दिल्ली के लोगों का वीकेंड प्रचंड गर्मी के बीच गुजरने वाला है। शुक्रवार से रविवार तक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग ने गर्मी के लिहाज से 13 से 15 मई के बीच ‘येलो’ अलर्ट घोषित किया है। इस बीच कई जगहों पर हीटवेव का असर रहेगा। मौसम विभाग बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने का सुझाव दे रहा है। वहीं अंडमान निकोबार में भारी बारिश के बीच अनुमान जताया जा रहा है कि इस बार मानसून समय से पहले आमद दे सकता है।
जल्दी आएगा दक्षिण-पश्चिम मानसून
इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के इस बार जल्दी आने की उम्मीद है और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 15 मई को पहली बारिश हो सकती है.
आईएमडी ने केरल में भी इस बार मानसून के अपने तय समय 1 जून से करीब 10 दिन पहले आने की और उसके बाद उत्तर की ओर बढ़ने की भविष्यवाणी की है.
उत्तर भारत में गर्मी(Heatwave) की स्थिति रहेगी
वहीं, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी. गुजरात, जम्मू और कश्मीर, दक्षिण हरियाणा-दिल्ली, पंजाब में भी भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है. राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में अगले 3 दिनों तक लू और गर्मी की स्थिति बनी रहेगी. इस दौरान कई स्थानों पर पारा 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है.
आंध्र के पास चक्रवात पड़ा कमजोर
चक्रवाती तूफान असानी अब कमजोर पड़ गया है। हालांकि, तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश गुरुवार को भी जारी रही।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, चक्रवात के अगले 12 घंटों के दौरान उसी क्षेत्र के आसपास रहने और निम्न दबाव क्षेत्र में इसके और कमजोर होने की संभावना है। इससे पश्चिम बंगाल और ओडिशा को राहत मिलने की संभावना है।