Britain PM Rishi Sunak: ब्रिटेन में आखिरकार भारतीय ऋषि सुनक सरकार (Rishi Sunak Government) बनाने में कामयाब हो गए। भारतीय मूल के ऋषि सुनक पहले शख्स हैं जो ब्रिटेन के प्रधानमंत्री (Britain PM) बने हैं। दुनिया में इससे पहले भी भारतवंशियों का डंका बजता रहा है। भारतीय मूल के कम से कम 200 नेता 15 देशों में महत्वपूर्ण सार्वजनिक पदों पर पहुंच चुके हैं। जिस देश ने भारत पर 200 साल तक राज किया, अब भारतीय मूल के ऋषि सुनक उनके प्रधानमंत्री हैं।
अंग्रेजों के PM बने सुनक
बता दे कि, सुनक ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति हैं। ऋषि सुनक का जन्म 12 मई 1980 को ब्रिटेन के साउथम्पटन में एक भारतीय परिवार में हुआ था। उनके पिता यशवीर नेशनल हेल्थ सर्विस यानी (NHS) के जनरल प्रैक्टिशनर और उनकी मां ऊषा एक फार्मासिस्ट थीं। उनके दादा-दादी पंजाब से हैं। सुनक ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं।
सुनक ने अक्षता मूर्ती से की शादी
साल 2015 में पहली बार सुनक रिचमॉन्ड, यॉर्कशायर से सांसद बने और 2020 में ऋषि सुनक ब्रिटेन में कैबिनेट मंत्री बने थे। सुनक जुलाई 2022 में प्रधानमंत्री पद की रेस में लिज ट्रस से हार गए थे। लेकिन ट्रस के 45 दिन में ही पद से इस्तीफा देने के बाद अब ऋषि सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने इंफोसिस कंपनी के फाउंडर नारायणमूर्ति की बेटी अक्षता मूर्ती से 2009 में शादी की थी।
कमला हैरिस अमेरिका की उपराष्ट्रपति
वहीं, कमला हैरिस अमेरिका की उपराष्ट्रपति हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी से आने वाली कमला अमेरिकी इतिहास में उपराष्ट्रपति बनने वाली पहली महिला और इस पद पर पहुंचने वाली भारतीय मूल की भी पहली महिला हैं। कमला हैरिस हॉर्वर्ड यूनिवर्सिटी, कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी और हेस्टिंग्स कॉलेज ऑफ लॉ से ग्रैजुएट हैं। साल 2010 से 2014 के बीच वह दो बार कैलिफोर्निया की अटॉर्नी जनरल रहीं। 57 वर्षीय हैरिस की जड़ें भारत के तमिलनाडु राज्य से जुड़ी हैं। उनकी मां श्यामला गोपालन का जन्म तमिलनाडु में हुआ था।
भरत जगदेव गुयाना के उपराष्ट्रपति
दूसरी ओर, भारतीय मूल के भरत जगदेव 2020 से गुयाना के उपराष्ट्रपति हैं। वह भारतीय मूल के गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली के एडमिनिस्ट्रेशन में शामिल हैं। इससे पहले वह 1997 से 1999 तक गुयाना के उपराष्ट्रपति रह चुके हैं। उनका जन्म 23 जनवरी 1964 को गुयाना में एक भारतीय हिंदू परिवार में हुआ था।